जमशेदपुर: बर्मामाइंस के सिदो- कान्हू बस्ती में मंगलवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब पानी का कनेक्शन काटने पहुंची टीम पर बस्तीवासियों के साथ मारपीट करने का आरोप लगा. घटना के बाद पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है.


जानकारी के अनुसार टाटा स्टील यूआईएसएल की टीम पानी का कनेक्शन काटने के लिए बस्ती पहुंची थी. इसी दौरान स्थानीय लोगों ने इसका मौखिक विरोध किया, जिसके बाद माहौल अचानक बिगड़ गया. बताया जा रहा है कि कंपनी की ओर से तीन गाड़ियों में लोग पहुंचे थे. विरोध के बीच कथित तौर पर हाथापाई शुरू हो गई. आरोप है कि इस दौरान महिलाओं, बच्चों और किन्नर समुदाय के लोगों के साथ भी मारपीट की गई, जिसमें कई लोग घायल हो गए.
स्थानीय लोगों का कहना है कि सिदो- कान्हू बस्ती में करीब 150 घर हैं और यहां लंबे समय से पानी की समस्या बनी हुई है. बस्तीवासियों की मांग है कि पहले उन्हें वैध पानी कनेक्शन उपलब्ध कराया जाए, उसके बाद ही किसी प्रकार की कार्रवाई की जाए. घटना के बाद लोगों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि बस्तीवासियों को न्याय मिल सके और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.

