Tata Steel की सुरक्षा टीम ने शुक्रवार को जमशेदपुर के बर्मामाइंस गुरुद्वारा क्षेत्र के पास कंपनी की परिधि फेंस को अंदरूनी हिस्से से क्षतिग्रस्त करने की कोशिश कर रहे एक युवक को पकड़ लिया. सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता के कारण बड़ी घटना टल गई.

पकड़े गए युवक की पहचान पिंटू घोष (24) के रूप में हुई है. वह राजन घोष का पुत्र और सिदो-कान्हू बस्ती का निवासी बताया गया है. सुरक्षा कर्मियों ने उसे संदिग्ध गतिविधियों के दौरान रंगे हाथों पकड़ा. प्रारंभिक पूछताछ में युवक ने एचएसएम गेट के सामने स्थित एक टाल क्षेत्र से जुड़े कुछ तथ्यों की जानकारी दी और अपने कुछ सहयोगियों के नामों का भी खुलासा किया है.
सुरक्षा टीम ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बर्मामाइंस थाना के हवाले कर दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि फेंस तोड़ने की कोशिश के पीछे क्या उद्देश्य था तथा इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं. कंपनी सूत्रों के अनुसार, औद्योगिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर लगातार निगरानी बढ़ाई गई है और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है.

