जमशेदपुर/ Afroz Mallik टाटा स्टील की सुरक्षा टीम ने सतर्कता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए प्लांट के विभिन्न जोनों में चोरी के कई प्रयासों को विफल कर दिया. इन घटनाओं ने कंपनी परिसंपत्तियों की सुरक्षा के प्रति सुरक्षा विभाग की मजबूत प्रतिबद्धता को फिर साबित किया है.


पहली बड़ी कार्रवाई में सुबह करीब मंगलवार 04:30 बजे जोन-3 के सीएसडी रेलवे ट्रैक क्षेत्र के पास गश्ती के दौरान सुरक्षा कर्मियों ने दो संदिग्धों विक्रम प्रधान (23) और मोहम्मद बिलाल (17) को पकड़ा. तलाशी के दौरान उनके पास करीब 38 किलोग्राम इंसुलेटेड कॉपर केबल अवैध रूप से पाया गया. समय रहते की गई कार्रवाई से संभावित नुकसान टल गया.
दूसरी घटना करीब 01:00 बजे की है, जब जोन-3 के एलडी-3 टीएससीआर स्टोर क्षेत्र के पास विकाश घोष (17) को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया. हालांकि उसके पास से कोई सामान बरामद नहीं हुआ, लेकिन इस कार्रवाई ने संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा की चौकसी को दर्शाया.
इसके अलावा रात करीब 10 बजे जोन-4 स्थित टीएसडीपीएल स्क्रैपयार्ड क्षेत्र से मोहम्मद काशिम (46) को संदिग्ध परिस्थिति में पकड़ा गया. प्रतिबंधित क्षेत्र में उसकी गतिविधियों को समय रहते पहचान कर कार्रवाई की गई.
सभी आरोपितों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया है.
इन घटनाओं से स्पष्ट है कि टाटा स्टील की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़, सतत गश्ती और खुफिया निगरानी पर आधारित है. चोरी के प्रयासों को विफल कर सुरक्षा विभाग ने एक बार फिर साबित किया है कि कंपनी परिसंपत्तियों की सुरक्षा को लेकर उसकी ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति प्रभावी रूप से लागू है.

