जमशेदपुर: बर्मामाइंस क्षेत्र में धूल प्रदूषण, लगातार लगने वाले सड़क जाम और बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं से परेशान स्थानीय लोगों का आक्रोश एक बार फिर सामने आया है. इन गंभीर समस्याओं के समाधान के बजाय टाटा स्टील प्रबंधन द्वारा बर्मामाइंस दुर्गा पूजा मैदान में भारी वाहनों की पार्किंग बनाए जाने के प्रयास को लेकर क्षेत्रवासियों में भारी नाराजगी है.

सोमवार को टाटा स्टील के पदाधिकारी एवं उनके साथ आए कथित असामाजिक तत्वों द्वारा दुर्गा पूजा मैदान में बड़ी गाड़ियों को खड़ा करने का प्रयास किया गया. इस दौरान बस्ती बचाओ संघर्ष समिति के सदस्यों और स्थानीय निवासियों ने मौके पर पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और पार्किंग की कोशिश को विफल कर दिया.
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि दुर्गा पूजा मैदान क्षेत्र की सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा हुआ है, जिसे किसी भी सूरत में व्यावसायिक पार्किंग स्थल में तब्दील नहीं होने दिया जाएगा. स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पार्किंग बनाए जाने से क्षेत्र में पहले से मौजूद धूल प्रदूषण, ट्रैफिक जाम और दुर्घटनाओं की समस्या और गंभीर हो जाएगी.
विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से रामबाबू तिवारी, सतबीर सिंह, रितेश झा, दीपक झा, शशि सिंह, सौरव श्रीवास्तव, भोला सिंह, अनिल सिंह, गुड्डू सिंह सहित सैकड़ों बस्तीवासी शामिल रहे. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बर्मामाइंस की मूलभूत समस्याओं पर तत्काल ध्यान दिया जाए. प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि दुर्गा पूजा मैदान में पार्किंग बनाने की कोशिश नहीं रोकी गई और समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.

