जमशेदपुर: टाटा स्टील फाउंडेशन ने आज एक्सएलआरआई ऑडिटोरियम में दिशा दीक्षांत समारोह का आयोजन किया, जिसमें जमशेदपुर, नोआमुंडी, वेस्ट बोकारो, जामाडोबा, जोडा और कलमांग की 620 महिलाओं की उपलब्धियों का जश्न मनाया गया, जिन्होंने सफलतापूर्वक नेतृत्व प्रशिक्षण पूरा किया है.

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जमशेदपुर पूर्व की विधायक श्रीमती पूर्णिमा दास साहू उपस्थित रहीं. टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) एवं टाटा स्टील फाउंडेशन के निदेशक श्री डी.बी. सुन्दरा रामम और श्रीमती शैलजा सुन्दरा रामम विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह में शामिल हुए.
वित्त वर्ष 2021- 22 में शुरू किया गया दिशा कार्यक्रम वंचित समुदायों की महिलाओं को सशक्त बनाने और उन्हें स्थानीय स्तर पर सक्रिय नेता एवं परिवर्तनकर्ता के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से संचालित किया जाता है. प्रशिक्षण मॉड्यूल महिलाओं में आत्मविश्वास, सामूहिक कार्य क्षमता और सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक परिवर्तन को दिशा देता है.
समारोह के दौरान दिशा नेतृत्व कर्ताओं के साथ संवाद सत्र आयोजित किया गया. इस अवसर पर श्री डी.बी. सुन्दरा रामम ने कहा कि ग्रामीण महिलाओं को परिवर्तन की अगुवाई करते देखना गर्व का विषय है. दिशा ने झारखंड और ओडिशा की महिलाओं को उनके नेतृत्व सामर्थ्य को साकार करने में सक्षम बनाया है.
अब तक 5,500 से अधिक महिलाओं को नेतृत्व प्रशिक्षण दिया जा चुका है, जिनमें से 3,729 महिलाएं दीक्षांत समारोह में सम्मिलित हो चुकी हैं. दिशा का लक्ष्य 6,000 महिलाओं को समुदाय में परिवर्तन के वाहक के रूप में तैयार करना है.
“प्रबुद्ध और समतामूलक समाज” थीम पर आयोजित इस दीक्षांत समारोह ने महिलाओं की नेतृत्व यात्रा और समावेशी समाज निर्माण में उनके समर्पण का जश्न मनाया. कार्यक्रम ने स्नातक महिलाओं को अपने अनुभव, कहानियाँ और भविष्य की आकांक्षाएँ साझा करने का अवसर भी प्रदान किया.
यह दीक्षांत समारोह टाटा स्टील फाउंडेशन की सशक्तिकरण, नेतृत्व विकास और सामुदायिक प्रगति की निरंतर यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
