गम्हरिया: रेलवे स्टेशन के समीप शुक्रवार को टाटा स्टील गम्हरिया की एक ड्यूटी बस में असामाजिक तत्वों के एक समूह ने जमकर तोड़फोड़ की. घटना उस समय हुई जब जेएचयू-05 डीवाई-6962 नंबर की वातानुकूलित बस ए शिफ्ट के कर्मचारियों को छोड़ने के लिए टाटा स्टील गम्हरिया से गम्हरिया स्टेशन की ओर जा रही थी. यह बस गम्हरिया बस्ती होते हुए नियमित रूप से ए, बी और सी शिफ्ट के कर्मचारियों का परिवहन करती है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अपराह्न करीब 2:50 बजे जैसे ही बस स्टेशन के पास पहुंची, पहले से घात लगाए उपद्रवियों ने लोहे की रॉड से अचानक हमला कर दिया. हमलावरों ने बस के सभी शीशों को रॉड से मारकर चकनाचूर कर दिया. इस हमले में बस चालक कृष्ण कुमार और खलासी छोटेलाल नायक भी घायल हो गए. चालक के दोनों हाथ गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं, जबकि बीच-बचाव करने आए खलासी की बांह और सीने में अंदरूनी चोटें आने की बात कही जा रही है.

घटना के समय बस में टाटा स्टील गम्हरिया के चार से पांच कर्मचारी ही सवार थे. उपद्रवियों ने कर्मचारियों को धमकाते हुए बस से उतारने का भी प्रयास किया, लेकिन चालक द्वारा दरवाजा अनलॉक नहीं किए जाने के कारण वे सुरक्षित रहे.
बताया गया है कि उक्त बस वेंडर सेटी ट्रांसपोर्ट द्वारा टाटा स्टील को उपलब्ध कराई गई है. घटना की सूचना मिलने पर आदित्यपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची, हालांकि तब तक सभी हमलावर फरार हो चुके थे.
सूत्रों के अनुसार, इससे पहले भी गम्हरिया बस्ती क्षेत्र में बस संचालन को लेकर ट्रांसपोर्टर से रंगदारी की मांग की जा रही थी. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान एवं गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं.

