जमशेदपुर/ Afroz Mallik देश की सबसे बड़ी वाहन निर्माता कंपनी टाटा मोटर्स और उसके डीलर एसएसएल मोटर्स के खिलाफ एक ग्राहक इतना ऊब चुका है कि अब उन्होंने कोर्ट में जाने की तैयारी कर ली है. दरअसल जमशेदपुर के मानगो निवासी सौरभ केसरी ने 30 लाख की सफारी गाड़ी एसएसएल मोटर्स आदित्यपुर से खरीदा है. जिसमें दर्जनों बार तकनीकी खराबी आयी है. कई बार तो जान जाते- जाते बची है. हर बार सर्विसिंग सेंटर में लेकर जाने पर ठीक होने का भरोसा देकर उन्हें गाड़ी वापस कर दिया जाता है. मगर गाड़ी के हालात जस के तस बने हुए हैं. इस बार भी उनकी गाड़ी खराब हुई और सर्विस सेंटर में दिया गया है. वहां उनसे बगैर पूछे गाड़ी के मूल वायरिंग में छेड़छाड़ की गई है और अब उन्हें गाड़ी वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है.

शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उन्होंने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि जब तक डीलर अथवा कंपनी उन्हें लिखित रूप से भरोसा नहीं दिलाते हैं तब तक वह गाड़ी रिसीव नहीं करेंगे. उन्होंने बताया कि इसको लेकर कंपनी के अधिकारियों के साथ भी संपर्क किया गया मगर उन्होंने भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया. यदि यही हाल रहा तो अब मजबूरन उन्हें कोर्ट की शरण लेनी होगी. मालूम हो कि स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर कंपनी के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है. गाड़ी मालिक ने बताया कि कंपनी और डीलर का ग्राहक सेवा पक्ष बेहद ही गैर जिम्मेदाराना हो गया है. नई गाड़ी में बार- बार तकनीकी खराबी आ रही है और डीलर अपना पल्ला झाड़ रहा है. जब तक उन्हें लिखित आश्वासन और उनके नुकसान की भरपाई नहीं की जाती है तब तक गाड़ी रिसीव नहीं करेंगे. जरूरत पड़ने पर एएसएल मोटर्स के प्रतिष्ठानों पर धरना- प्रदर्शन भी किया जाएगा.

