जमशेदपुर: टाटा मोटर्स कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. कंपनी प्रबंधन और वर्कर्स यूनियन के बीच शनिवार को हुए समझौते के तहत इस वर्ष कर्मचारियों को 12.3 प्रतिशत बोनस देने पर सहमति बनी है. बोनस की अधिकतम राशि ₹75,223 और औसत राशि ₹50,160 तय की गई है.

यह बोनस सात हजार कर्मचारियों को एक सितंबर को उनके वेतन के साथ दिया जाएगा. इसके अलावा 148 अप्रेंटिस और अन्य कर्मचारियों को स्थायी किया जाएगा, जिनकी मेडिकल जांच अगले सप्ताह से शुरू होगी. वहीं अस्थायी कर्मचारियों को 8.33 प्रतिशत बोनस मिलेगा.
समझौते में यह भी तय किया गया कि अगली बार 325 बाई सिक्स कर्मचारियों की स्थायीकरण सूची जारी की जाएगी. पहले यह संख्या 225 थी, लेकिन बातचीत के दौरान 150 अतिरिक्त कर्मियों को शामिल करने पर सहमति बनी. कंपनी ने स्पष्ट किया कि बोनस की राशि वेतन के साथ सीधे कर्मचारियों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी. बोनस समझौता का यूनियन के सदस्यों ने गर्मजोशी से स्वागत किया और इसे एक बेहतर समझौता बताया.

