मधुपुर/ Md Aslam विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत चौंगाखार में मदरसा बाग-ए-आईशा के तत्वावधान में आगामी 28 दिसंबर को भव्य वार्षिक तालीमे-निस्वां (सालाना) कांफ्रेंस का आयोजन किया जाएगा. इस कांफ्रेंस का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को इस्लामी उसूलों और दीन की बुनियादी व व्यवहारिक तालीम से रूबरू कराना है.

इस कांफ्रेंस में झारखंड के विभिन्न जिलों से आईं प्रतिष्ठित आलिमा और क़ारिया भाग लेंगी. कार्यक्रम को मोहतरमा उम्मुलवरा फातीमा अम्जदी (रामगढ़), मोहतरमा अल्लामा क़ारिया कहकशां परवीन (हजारीबाग), जिनत फात्मा नुरी रिज़वी, सायरा अल्लामा और फाज़िला सानिया नुरी संबोधित करेंगी. विदुषी वक्ताओं द्वारा महिलाओं को नमाज़, वुज़ू, ग़ुस्ल के सही और मुकम्मल तरीक़े के साथ-साथ मैय्यत (जनाज़ा) के तरीक़े को प्रैक्टिकल के माध्यम से समझाया जाएगा, ताकि दीन की तालीम व्यवहारिक रूप से हासिल हो सके.
इस तालीमे-निस्वां कांफ्रेंस में झारखंड सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण सह जल संसाधन मंत्री हफीजुल हसन अंसारी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे. कार्यक्रम की अध्यक्षता सद्दाम हुसैन फैज़ी करेंगे, जबकि मंच संचालन की ज़िम्मेदारी हाफ़िज़ तहारत हुसैन फैज़ी को सौंपी गई है.
आयोजकों ने क्षेत्र की महिलाओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस दीनि और शैक्षणिक कांफ्रेंस का लाभ उठाने की अपील की है. उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम महिलाओं की धार्मिक समझ को मज़बूत करने और समाज में सकारात्मक जागरूकता फैलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा.

