सारण: जिले के सोनपुर और गरखा थाना क्षेत्रों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का पुलिस ने सफल उद्भेदन किया है. इस कार्रवाई में अंतरजिला संगठित चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मुजफ्फरपुर जिले से चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है.

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष जांच टीम ने तकनीकी अनुसंधान, गुप्त सूचना और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के आधार पर यह कार्रवाई की. जांच में सामने आया कि गिरफ्तार अभियुक्त एक संगठित गिरोह के सदस्य हैं, जो अलग-अलग जिलों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देकर फरार हो जाया करते थे.
पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने सोनपुर और गरखा थाना क्षेत्रों में हुई कई चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. उनके पास से चोरी के जेवरात, नकदी, इलेक्ट्रॉनिक सामान और अन्य कीमती वस्तुएं बरामद की गई हैं, जिन्हें संबंधित मामलों से जोड़ा जा रहा है.
पुलिस के अनुसार यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर वारदातों को अंजाम देता था. गिरफ्तार अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है और गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
सारण पुलिस ने इसे जिले में अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी सफलता बताते हुए आम लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है.

