रांची: मानगो नगर निगम चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद मेयर सुधा गुप्ता ने पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता के साथ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं विधायक कल्पना सोरेन से रांची स्थित मुख्यमंत्री आवास में शिष्टाचार मुलाकात की. इस अवसर पर सुधा गुप्ता ने मुख्यमंत्री और विधायक को पुष्पगुच्छ भेंट कर मानगो की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया. प्रचंड जीत के बाद कल्पना सोरेन ने सुधा गुप्ता और बन्ना गुप्ता का मुंह मीठा कराया.

सुधा गुप्ता ने कहा कि यह जीत मानगो की जागरूक जनता, माताओं- बहनों, युवाओं और वरिष्ठजनों के विश्वास की जीत है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जीत की बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार नगर निकायों के सशक्तिकरण और शहरी विकास के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने मानगो के सर्वांगीण विकास, आधारभूत संरचना सुदृढ़ीकरण, स्वच्छता, पेयजल, सड़क और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया.

मुलाकात के दौरान सुधा गुप्ता ने मानगो क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं, विशेषकर पेयजल और कचरा निस्तारण, से संबंधित विस्तृत प्रस्ताव मुख्यमंत्री के समक्ष रखा और शीघ्र क्रियान्वयन का आग्रह किया. मुख्यमंत्री और विधायक ने समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनकर समाधान का आश्वासन दिया.
इस अवसर पर बन्ना गुप्ता ने कहा कि “सुरक्षित, स्वच्छ, समृद्ध और विकसित मानगो” उनका लक्ष्य है और राज्य सरकार के मार्गदर्शन में तेजी से कार्य किया जाएगा. अंत में सुधा गुप्ता ने कहा कि यह जीत जिम्मेदारी और सेवा का अवसर है, और वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगी.

