सरायकेला/ Pramod Singh आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो गुरुवार को सरायकेला के मौसी बाड़ी पहुंचे और यूपीएससी परीक्षा क्रैक करने वाले संजय कुमार महतो से भेंट की. केंद्रीय अध्यक्ष ने उन्हें पुष्प गुच्छ और लड्डू भेंट कर सफलता की बधाई दी. वहीं जुगसलाई के पूर्व विधायक राम चंद्र सहिस और ईचागढ़ विधानसभा प्रत्याशी हरेलाल महतो ने शॉल ओढ़ाकर शुभकामनाएं दीं.

सुदेश महतो ने कहा कि एक साधारण परिवेश और परिवार से निकलकर संजय कुमार महतो ने भारत की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल की है, इसके लिए उन्हें बधाई मिलनी चाहिए. उन्होंने कहा कि अब संजय कुमार महतो का कर्मक्षेत्र और जिम्मेदारी शुरू होती है, जहां उन्हें देश की सेवा करने का अवसर मिलेगा. केंद्रीय अध्यक्ष ने उम्मीद जताई कि परीक्षा में दिखाई गई लगन और मेहनत से संजय महतो अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करेंगे और राज्य एवं मातृभूमि का मान बढ़ाएंगे.
सुदेश महतो ने प्रदेश के सभी परीक्षा- तैयारी कर रहे छात्र- छात्राओं से प्रेरणा लेने की बात कही और कहा कि संजय कुमार महतो की मेहनत और समर्पण सभी अभ्यर्थियों के लिए उदाहरण बने. मौके पर संजय कुमार महतो के माता- पिता, संतोष महतो और शकुंतला देवी के साथ माकड़ महतो, गणेश महतो, मनोहर महतो, मंगल महतो, दिलीप महतो, दुर्गा चरण महतो और राजाराम महतो सहित परिवार और स्वजन उपस्थित थे.

