गिरिडीह: जिले के तिसरी थाना क्षेत्र के खिजूरी गांव में गुरुवार को जमीन विवाद हिंसक हो गया. जहां दो पक्षों के बीच जमकर पथराव और लाठी- डंडों से मारपीट हुई. इस घटना में दोनों पक्षों के कुल 6 लोग घायल हो गए. इनमें से 2 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है.

जानकारी के अनुसार, प्रवीण विश्वकर्मा अपने नवनिर्मित मकान में बैठे थे. इसी दौरान गांव के मनोज तुरी, सुखदेव तुरी समेत 40- 50 लोग हथियारों के साथ वहां पहुंचे. आरोप है कि उन्होंने अचानक हमला कर दिया और पथराव शुरू कर दिया. इस दौरान प्रवीण विश्वकर्मा और उनके परिवार के कई सदस्य घायल हो गए.
दूसरी ओर, मनोज तुरी पक्ष का भी कहना है कि प्रवीण विश्वकर्मा और उनके समर्थकों ने पहले विवाद खड़ा किया, जिसके बाद घटना हुई. इस दौरान दोनों ओर से लाठी-डंडे चले और जमकर पत्थरबाजी हुई.
घायलों में प्रवीण विश्वकर्मा, उनकी पत्नी, एक महिला रिश्तेदार तथा मनोज तुरी पक्ष के तीन लोग शामिल हैं. सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया. जिनमें से दो की स्थिति गंभीर बताई जा रही है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है.
घटना के बाद दोनों पक्षों ने तिसरी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. थाना प्रभारी ने बताया कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
