चतरा/ Shubham Mishra जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत शिला ओपी पिकेट में तैनात एसएसबी के एक जवान द्वारा खुद को सर्विस राइफल से गोली मारकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है. घटना मंगलवार की रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार 35वीं बटालियन में तैनात जवान ने ड्यूटी के दौरान ही अपनी ही सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली.


गोली चलने की आवाज सुनते ही मौके पर मौजूद अन्य जवान पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. मृतक की पहचान प्रह्लाद सिंह के रूप में हुई है, जो देवघर के निवासी बताए जा रहे हैं. घटना के बाद सुरक्षा बलों के बीच हड़कंप मच गया.
सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है. हालांकि आत्महत्या के कारणों का अब तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है. प्रारंभिक स्तर पर पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

