सरायकेला: दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर डिवीजन अंतर्गत हावड़ा- मुंबई रेलखंड पर सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब राज खरसावां रेलवे स्टेशन के समीप गीतांजलि एक्सप्रेस और एक लोकल ट्रेन एक ही ट्रैक पर आती दिखाई दीं.

गीतांजलि एक्सप्रेस मुंबई से चलकर हावड़ा जा रही थी, जबकि दूसरी ओर से एक लोकल ट्रेन का संचालन हो रहा था, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया.
हालांकि मामले को लेकर रेल प्रशासन ने स्थिति को पूरी तरह सामान्य बताया है. रेलवे अधिकारियों के अनुसार उक्त रेलखंड पर फिलहाल ऑटो सेक्शन प्रणाली के तहत ट्रेन परिचालन किया जा रहा है.
रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि ऑटो सेक्शन में एक ही लाइन पर सीमित दूरी के भीतर दो ट्रेनों का संचालन तकनीकी रूप से संभव होता है. इस व्यवस्था में लगभग सौ से डेढ़ सौ मीटर की दूरी बनाए रखते हुए ट्रेनें नियंत्रित गति से चलाई जाती हैं.
अधिकारियों ने बताया कि सभी लोको पायलटों को इस प्रक्रिया की पूर्व जानकारी रहती है और निर्धारित गति एवं सिग्नल के अनुसार ही ट्रेनों का संचालन किया जाता है. रेलवे ने यह भी कहा कि यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया गया है और यह व्यवस्था अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगी.

