चाईबासा/ Jayant Pramanik जिले के सोनुआ प्रखंड के रामचंद्रपुर स्थित संत पीटर रोजलिन स्कूल (रामचंद्रपोस) मैदान में क्रिसमस के पावन अवसर पर आयोजित दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का शुक्रवार को भव्य समापन हुआ. इस प्रतियोगिता का आयोजन नव युवक संघ कमेटी द्वारा किया गया था, जिसमें पोड़ाहाट पंचायत के मुखिया जोसेफ मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे.

प्रतियोगिता के दूसरे दिन बच्चों, युवतियों और महिलाओं के लिए विभिन्न खेल स्पर्धाओं के फाइनल मुकाबले खेले गए. खेल मैदान में खिलाड़ियों का जोश और दर्शकों का उत्साह देखने लायक रहा. क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता और उपविजेता का खिताब हासिल किया. मुख्य अतिथि जोसेफ मुर्मू ने विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और कहा कि खेल अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ जीवन का प्रतीक है. उन्होंने युवाओं को खेल के माध्यम से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया. साइकिल रेस प्रतियोगिता में हथिया निवासी शंकर बोदरा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बुरूडीह निवासी कमल सुंडी द्वितीय स्थान पर रहे.

समापन समारोह के दौरान नव युवक संघ कमेटी के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और खेल प्रेमी उपस्थित रहे.
कार्यक्रम को सफल बनाने में चुमार सिंह सुरीन, जयपाल मार्डी, गोपीन माझी, विशाल दास, गोपाल माझी, बलदेव सोरेन, सोहराय माझी, लखीराम मार्डी, राम कुम्हार, सुरेश सामंड, गणेश सामंड, डेविड दास, बिरसा सामंड और सुदर्शन सामंड सहित अन्य लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा.

