चाईबासा/ Jayant Pramanik सोनुआ प्रखंड के श्री श्री आदि सार्वजननिक दुर्गा पूजा समिति द्वारा आयोजित दुर्गा पूजा के षष्ठी दिन धार्मिक वातावरण में विशेष पूजा-अर्चना की गई. चांदनी चौक के समीप स्थित बेल वृक्ष को निमंत्रण देकर मां दुर्गा की पूजा विधि-विधान से की गई. पूरे कार्यक्रम के दौरान भक्तों के जयकारे की गूंज माहौल को भक्तिमय बनाए रही.

समिति के सदस्यों ने बताया कि पारंपरिक रूप से दुर्गा पूजा के दौरान बेल वृक्ष पूजन का विशेष महत्व है. इसी कड़ी में सोनुआ के मदंगजहिर, रेलवे स्टेशन और गोबिंदपुर के मंदिरों के बेल वृक्षों के समक्ष भी पूजा-अर्चना कर मां भगवती को आमंत्रित किया गया. श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और मां दुर्गा के आशीर्वाद के लिए प्रार्थना की.
भक्तों ने बताया कि इस परंपरा के तहत मां भगवती को घर-घर और क्षेत्र के प्रत्येक कोने में आमंत्रित करने का संदेश दिया जाता है. इस अवसर पर मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी सजावट और विद्युत रोशनी से सजाया गया था. पूजा के दौरान शंखनाद और ढाक की थाप ने पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक माहौल से भर दिया.
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि आने वाले दिनों में सांस्कृतिक कार्यक्रम, भजन संध्या और महाप्रसाद वितरण जैसे आयोजन भी किए जाएंगे. उनका कहना है कि दुर्गा पूजा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है बल्कि सामाजिक एकता और परंपराओं के संवाहक के रूप में भी कार्य करता है.

