सिवान: विधानसभा चुनाव से पहले सिवान पुलिस ने अपराधियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. जामो बाजार थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर निवासी कुख्यात अपराधी संतोष नट को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया. संतोष नट जिले के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल बताया जा रहा है. उसके पास से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है. गिरफ्तारी के बाद इलाके में राहत का माहौल है, हालांकि ग्रामीणों में अब भी दहशत बनी हुई है.

पुलिस सूत्रों के अनुसार, संतोष नट किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में था. उसने 2009 में अपराध की दुनिया में कदम रखा था, और अब तक उसके खिलाफ 200 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं. इनमें हत्या, लूट, मारपीट और आर्म्स एक्ट से जुड़े गंभीर मामले शामिल हैं. प्रमुख मामलों में बड़हरिया थाना कांड संख्या 126/09, मैरवा थाना कांड 100/09, पंचरुखी जीबी नगर थाना कांड 10/05 और जामो बाजार थाना कांड 179/22 शामिल हैं.
सिवान एसपी मनोज तिवारी के सख्त निर्देश पर जिले में अपराधियों के ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. इसी क्रम में जामो बाजार थाना प्रभारी मोहन कुमार निराला के नेतृत्व में विशेष टीम ने संतोष नट को दबोच लिया. पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 388/25 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया. एसपी तिवारी ने बताया कि चुनाव के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि आगे भी अपराधियों के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
ग्रामीणों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की, लेकिन इलाके में अपराधियों की बढ़ती सक्रियता पर चिंता भी जताई. संतोष नट की गिरफ्तारी को क्षेत्र में चुनावी शांति बनाए रखने की दिशा में अहम सफलता माना जा रहा है.


भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
