सिमडेगा: जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं. जहां अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए दो सड़क हादसों में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई.

पहली घटना केरसई थाना क्षेत्र के वनदुर्गा रोड की है. जानकारी के अनुसार केशलपुर निवासी मिलेक्शन केरकेट्टा अपने एक रिश्तेदार के घर केरसई गया था. वहां से बाइक से अपने घर लौटने के दौरान वनदुर्गा के पास वह असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
दूसरी घटना सदर थाना क्षेत्र के तामड़ा रोड में घटी. बताया गया कि पालकोट सनईडीह निवासी रजत सोरेंग किसी काम से फ़ारसाबेड़ा आया था. घर लौटने के दौरान जनता उच्च विद्यालय के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई. इस हादसे में उसकी भी मौत हो गई.
दोनों घटनाओं के बाद संबंधित थाना पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है.

