सिमडेगा: जिले के पाकरटांड थाना क्षेत्र के डोंगाटोली स्थित शंख नदी में रविवार को बड़ा हादसा हुआ. नदी पार करने के दौरान सिकरीयाटांड सैंडीह गांव निवासी भूषण एक्का तीन मवेशियों के साथ बह गया. घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया.

स्थानीय विधायक भूषण बाड़ा सोमवार सुबह ही घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने ग्रामीणों के साथ मिलकर लापता ग्रामीण की खोजबीन की और परिजनों को ढांढ़स बंधाया. विधायक ने राज्य कैबिनेट मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और डीसी कंचन सिंह से दूरभाष पर बात कर एनडीआरएफ टीम बुलाने का आग्रह किया.
जानकारी के अनुसार, भूषण एक्का रविवार दोपहर बाद तीन मवेशी खरीदकर घर लौट रहा था. इसी दौरान शंख नदी का जलस्तर अधिक होने के कारण वह मवेशियों समेत बह गया. स्थानीय ग्रामीणों ने रविवार देर शाम तक खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली.
विधायक भूषण बाड़ा ने बताया कि हादसे का मुख्य कारण अधूरा और क्षतिग्रस्त पुल है. पुल का स्लैब धंस गया है, जिसमें कई बार मवेशी फंस चुके हैं. आशंका है कि भूषण एक्का और मवेशी भी उसी स्लैब में फंसे हुए हैं. उन्होंने प्रशासन से मशीन लगाकर स्लैब को हटाने की मांग की है, ताकि लापता ग्रामीण और मवेशियों को निकाला जा सके.

