चांडिल/ Shubham Mishra झारखंड की सांस्कृतिक और धार्मिक परंपरा को नई ऊंचाई देने वाला ऐतिहासिक आयोजन मार्च 2026 में चांडिल में आयोजित होने जा रहा है. 8 मार्च से 16 मार्च 2026 तक डोबो के रुगड़ी में श्री 108 कुंडीय श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ सह सर्व धर्म सम्मेलन और नौ दिवसीय अखंड हरिनाम संकीर्तन का आयोजन होगा.

इसकी जानकारी आयोजन समिति के पुरुषोत्तम शास्त्री ने दी. उन्होंने बताया कि यह महायज्ञ न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण होगा बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का भी प्रतीक होगा. इस आयोजन में देशभर से विद्वान संत, महात्मा, आचार्य और शंकराचार्य शामिल होंगे. श्रद्धालुओं और भक्तों के लिए यह आयोजन आध्यात्मिक शांति और ज्ञान प्राप्ति का अद्वितीय अवसर बनेगा.
महायज्ञ के दौरान कई प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इसमें 108 कुंडीय महायज्ञ का विधिवत आयोजन, नौ दिवसीय अखंड हरिनाम संकीर्तन और भजन, भागवत कथा, शिव कथा और राम कथा का श्रवण शामिल है. इसके अलावा भव्य रामलीला और कृष्णलीला का मंचन भी होगा.
कार्यक्रम में कलश यात्रा और गौ माता पूजन, 151 कन्याओं का पूजन और 151 सामूहिक विवाह का आयोजन किया जाएगा. साथ ही निःशुल्क चिकित्सा शिविर और विभिन्न सामाजिक सेवा कार्य भी होंगे.
इस भव्य आयोजन का उद्देश्य समाज में सद्भावना, भाईचारा और धार्मिक आस्था को मजबूत करना है. आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं और समाजसेवियों से आह्वान किया है कि वे परिवार सहित इस महायज्ञ और सम्मेलन में शामिल होकर धर्म, संस्कृति और समाजसेवा का हिस्सा बनें.
बाईट
श्री पुरुषोत्तम शास्त्री जी महाराज (आयोजन समिति)

