कांड्रा : कांड्रा बाजार स्थित श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल का सोमवार की देर शाम भव्य उद्घाटन स्थानीय विधायक एवं पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने फीता काटकर किया. उनके पहुंचते ही पूरे परिसर में जय मां दुर्गा के गगनभेदी जयकारे गूंज उठे और भक्तिमय माहौल बन गया. समिति के अध्यक्ष संजय महंती ने बुके भेंट कर उनका स्वागत किया, वहीं श्रद्धालुओं ने तालियों और नारों के बीच गर्मजोशी से उनका अभिवादन किया. पंडाल में आकर्षक सजावट और रंग-बिरंगी रोशनी की जगमगाहट ने सभी का मन मोह लिया. पारंपरिक झूमर, बिजली की झालरें और फूलों की साज-सज्जा से सजे पंडाल में भक्तों का तांता लगा रहा. मूर्ति की भव्यता और अद्भुत शिल्पकला को देखकर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए.

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक चम्पाई सोरेन ने कहा कि “दुर्गा पूजा हमारी समृद्ध संस्कृति और आस्था का प्रतीक है. यह पर्व हमें शक्ति, एकता और भाईचारे का संदेश देता है. पूजा पंडाल न सिर्फ धार्मिक आस्था का केंद्र होते हैं, बल्कि सामाजिक समरसता और लोक परंपरा को भी जीवित रखते हैं. दुर्गा पूजा जैसे आयोजन हमारी भावनाओं को जोड़ते हैं और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने का काम करते हैं.”उन्होंने पूजा समिति की प्रशंसा करते हुए कहा कि यहां का आयोजन पूरे इलाके की पहचान बन चुका है. साथ ही उन्होंने श्रद्धालुओं से शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की.
इस मौके पर पूजा समिति के उपाध्यक्ष प्रेमचंद मार्डी, निर्मल बर्मन, सरोज बर्मन, करमू मंडल, संजय हलदार, मनु कुमार, जितेन महतो, विकास कुमार, आदि सदस्य सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु, ग्रामीण और गणमान्य लोग मौजूद रहे.

