सरायकेला/ Pramod Singh नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि गुरुजी आदिवासी समाज के सच्चे हितैषी थे. वे हमेशा उनके अधिकारों के लिए आवाज उठाने वाले, अलग झारखंड निर्माण आंदोलन के अगुवा और झारखंड की महानतम शख्सियतों में से एक थे.

मनोज चौधरी ने कहा कि यह केवल एक व्यक्ति के निधन की खबर नहीं है, बल्कि एक पूरे युग, एक स्तंभ के ढह जाने जैसा है.
उनके जाने से झारखंड का हर वर्ग- चाहे पत्रकार हो, नेता, व्यवसायी या आम नागरिक- सभी स्तब्ध और दुखी हैं.
उन्होंने याद करते हुए कहा कि मेरी आदरणीय शिबू सोरेन जी से आत्मीय मुलाकात मैथन डैम में एक कार्यक्रम के दौरान हुई थी.
उन्होंने मुझे आशीर्वाद दिया था.
वे अत्यंत सरल, सहज और मिलनसार नेता थे. उनकी बातों में अपनापन झलकता था. मनोज चौधरी ने कहा कि झारखंड की राजनीति में दिशोम गुरु शिबू सोरेन एक ऐसा नाम थे, जिसमें जनसंघर्ष, करुणा और मानवता की गहराई समाई थी.
उनकी कमी कभी पूरी नहीं की जा सकती. उनका संघर्ष, त्याग और योगदान झारखंड को सदैव प्रेरित करता रहेगा.

