मधुपुर/ Md Aslam प्रखंड के धमनी पंचायत अंतर्गत मेदनी सराय ग्राम में झारखंड आंदोलन के पुरोधा एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन की 82वीं जयंती श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाई गई. इस अवसर पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई.

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, झामुमो कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने दिशोम गुरु के संघर्षपूर्ण जीवन और झारखंड राज्य निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया. वक्ताओं ने कहा कि शिबू सोरेन ने आदिवासी, मूलवासी और शोषित-वंचित समाज के अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष किया. उनका जीवन आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है.
माल्यार्पण के पश्चात आयोजित संक्षिप्त सभा में वक्ताओं ने दिशोम गुरु के सिद्धांतों और विचारों को आत्मसात करने तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया. कार्यक्रम के दौरान “दिशोम गुरु अमर रहें” के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा.
ग्रामीणों ने आपसी सौहार्द और एकता के साथ जयंती समारोह को सफल बनाया. इस अवसर पर पंचायत के गणमान्य लोग, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, स्थानीय युवा एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.

