बोकारो: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता रघुवर दास ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने कहा, “आदरणीय गुरु जी के देहांत से आज पूरा झारखंड शोक में डूबा हुआ है. वे एक सम्मानित नेता थे. उन्होंने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर झारखंड अलग राज्य और महाजनी प्रथा के खिलाफ लंबा संघर्ष किया था.”

रघुवर दास ने आगे कहा, “गुरु जी के ना रहने से मेरी व्यक्तिगत क्षति हुई है. मैं उन्हें पितातुल्य मानता था और वे भी मुझे बेटे की तरह प्रेम करते थे. 2009 में उनके नेतृत्व में हमें सरकार चलाने और झारखंड की जनता की सेवा करने का मौका मिला.” उन्होंने कहा कि उन्होंने शिबू सोरेन को बहुत करीब से देखा है. वे उच्च विचारों वाले व्यक्ति थे, जिनका संघर्ष और योगदान झारखंड के इतिहास में सदैव अमिट रहेगा. अपने शोक संदेश के अंत में रघुवर दास ने प्रार्थना करते हुए कहा, “महादेव अपने चरणों में उन्हें स्थान दें. उनकी आत्मा को शांति मिले.”

