पलामू: पुलिस ने मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र में चल रहे सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है. इस दौरान मास्टरमाइंड महिला समेत कुल 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों में सात महिलाएं और चार पुरुष शामिल हैं.

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सद्दीक मंजिल चौक के पास संदिग्ध गतिविधियां हो रही हैं. लंबे समय से यहां सेक्स रैकेट संचालित किए जाने की जानकारी थी. इस सूचना के बाद एसपी रिष्मा रमेशन ने तुरंत कार्रवाई का आदेश दिया. उनके निर्देश पर डीएसपी राजेश यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई. टीम में टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार समेत कई पुलिस अधिकारी शामिल थे.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 11 लोगों को दबोच लिया. इनमें सात महिलाएं पलामू जिले की रहने वाली हैं जबकि चार पुरुष चैनपुर, लेस्लीगंज और सदर थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं. गिरफ्तार आरोपियों में अमित कुमार, आकाश कुमार, रामजी चौधरी और रुस्तम तिग्गा शामिल हैं.
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि इस रैकेट का संचालन सुनीता नामक महिला कर रही थी. सुनीता के घर से ही यह अवैध कारोबार संचालित होता था. पुलिस ने सुनीता को भी गिरफ्तार कर लिया है. अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और रैकेट के तार अन्य जिलों तक फैले होने की आशंका है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

