सरायकेला: नगर निकाय चुनाव संपन्न होने के बाद सरायकेला जिले के तीनों नगर निकायों के बैलेट बॉक्स को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुरक्षित रख दिया गया है. सभी मतपेटियों को सरायकेला स्थित काशी साहू कॉलेज परिसर में बनाए गए स्ट्रॉन्ग रूम में जमा किया गया है.

प्रशासन ने स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा की जिम्मेदारी झारखंड सशस्त्र पुलिस (जैप) को सौंप दी है. स्ट्रॉन्ग रूम को विधिवत सील कर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है. सुरक्षा के ऐसे पुख्ता इंतजाम किए गए हैं कि बिना अनुमति कोई भी व्यक्ति परिसर के भीतर प्रवेश नहीं कर सकता.
सुरक्षा व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के लिए स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर बड़ी स्क्रीन लगाई गई है. यहां से प्रत्याशी और उनके अधिकृत अभिकर्ता लगातार निगरानी कर सकते हैं. पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा विशेष सतर्कता बरती जा रही है.
चुनाव परिणाम को लेकर प्रत्याशी और उनके समर्थक पूरी तरह सतर्क नजर आ रहे हैं. कई प्रत्याशी और उनके अभिकर्ता कॉलेज परिसर के बाहर डेरा डाले हुए हैं और हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए हुए हैं.
बाहरी सुरक्षा व्यवस्था की कमान झारखंड पुलिस के जवानों और पदाधिकारियों को सौंपी गई है. कॉलेज परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सघन पुलिस बल की तैनाती की गई है. आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की जांच की जा रही है.
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मतपेटियों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. अब सरायकेला में सभी की नजरें 27 फरवरी को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं.

