सरायकेला: निर्वाचन कार्यालय में निर्वाची पदाधिकारी द्वारा नगर पंचायत चुनाव में अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों को शनिवार को चुनाव चिन्ह आवंटित किए गए. इस दौरान अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ रहे मनोज कुमार चौधरी को “टॉर्च” चुनाव चिन्ह प्रदान किया गया.

चुनाव चिन्ह प्राप्त करने के बाद मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि यह केवल चुनाव चिन्ह नहीं है, बल्कि समाज में प्रकाश कायम करने का एक संकेत है. उन्होंने कहा कि टॉर्च कठिन परिस्थितियों में मार्गदर्शन का प्रतीक है और अंधकार में रोशनी देने का कार्य करती है.
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं, आपात स्थितियों या कठिन हालात में टॉर्च महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है. उसी तरह वे भी सरायकेला वासियों की हर मुश्किल घड़ी में साथ खड़े रहे हैं और आगे भी सेवा के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे.
मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि टॉर्च आशा की किरण और संघर्ष में साथी का प्रतीक है. उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे विकास और कार्य के आधार पर समर्थन दें. उनका चुनावी नारा “सुनो सरायकेला, चुनो कामवाला” क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है.
