सरायकेला: उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला पोषण समिति की बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई. बैठक में उप विकास आयुक्त सुश्री रीना हांसदा, सिविल सर्जन, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, आयुष चिकित्सा पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (JSLPS) एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे.

बैठक में पोषण माह 2025 के अंतर्गत संचालित कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की समीक्षा की गई. उपायुक्त ने कहा कि पोषण केवल एक माह तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि पूरे वर्ष समुदाय आधारित प्रयासों के माध्यम से इसे आगे बढ़ाया जाना चाहिए. उन्होंने सभी विभागों को समन्वित रूप से कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि कुपोषण मुक्त झारखंड के निर्माण में सभी की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो सके.
उपायुक्त ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्रों में सेवाएं नियमित एवं सुचारू रूप से संचालित हों, जिससे बच्चों के पोषण और प्रारंभिक शिक्षा का संतुलित विकास संभव हो. महिलाओं, बच्चों एवं परिवार के पुरुष सदस्यों को पोषण संबंधी जानकारी देने, संतुलित आहार, चीनी और नमक का सीमित उपयोग, तथा स्थानीय पौष्टिक खाद्य पदार्थों के सेवन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया.
उन्होंने पोषण माह 2025 के दौरान मोटापा कम करना, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल, वृद्धि निगरानी, IYCF, डिजिटलीकरण, पुरुष भागीदारी और स्थानीय पौष्टिक खाद्य पदार्थों के उपयोग पर विशेष ध्यान देने को कहा. सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में लाभुकों का 100 प्रतिशत आधार सत्यापन, FRS और e-KYC समयबद्ध रूप से पूर्ण करने का निर्देश दिया गया.
उपायुक्त ने सभी विभागीय गतिविधियों की प्रविष्टि पोषण जन आंदोलन डैशबोर्ड पर नियमित करने और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रचार-प्रसार को सशक्त बनाने का निर्देश दिया. प्रत्येक प्रखंड से प्रतिदिन कम से कम दो उत्कृष्ट गतिविधियों की तस्वीरें एवं विवरण जिला स्तर पर भेजे जाने का निर्देश भी दिया गया.
बैठक में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी ने बताया कि पोषण माह 2025 के दौरान सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में सामुदायिक बैठकें, स्वास्थ्य जांच शिविर, पोषण परामर्श सत्र, किचन गार्डन स्थापना एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पोषण के प्रति जागरूकता निरंतर बढ़ रही है.


भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
