सरायकेला: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह ने मंगलवार को सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर की स्वच्छता, चिकित्सकों की उपस्थिति, उपकरणों की कार्यशीलता और चिकित्सा सेवाओं की स्थिति की गहन समीक्षा की. इस दौरान कुछ मरीजों ने शिकायत की कि रात्रिकालीन पाली में चिकित्सक उपलब्ध नहीं रहते और एम्बुलेंस सेवा समय पर नहीं मिलती. इस पर उपायुक्त ने सिविल सर्जन और अस्पताल उपाधीक्षक को कड़ी चेतावनी देते हुए निर्देश दिया कि रात्रिकालीन ड्यूटी में चिकित्सकों की उपस्थिति हर हाल में सुनिश्चित की जाए. उन्होंने कहा कि भविष्य में अनुपस्थिति पाए जाने पर कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने अस्पताल प्रबंधन को सुधारने के लिए कई दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर में स्वच्छता को प्राथमिकता दी जाए और अनुपयोगी सामग्रियों को हटाया जाए. पार्किंग एवं दिशा-सूचक साइनबोर्ड लगाए जाएं ताकि मरीजों और परिजनों को सुविधा हो. उपायुक्त ने भवन में सीपेज की समस्या, खुले विद्युत तार और उपकरणों के रखरखाव पर तत्काल ध्यान देने का आदेश दिया. उन्होंने सभी वार्डों में गद्दे व बेडशीट बदलने, शौचालय की साफ- सफाई और डायलिसिस मशीनों के सुचारु संचालन को भी सुनिश्चित करने को कहा.
उन्होंने चिकित्सकों को रोगियों के प्रति संवेदनशील और सहयोगात्मक व्यवहार अपनाने का निर्देश दिया तथा अनावश्यक रेफरल से बचने की हिदायत दी. उपायुक्त ने पोर्टेबल एक्स-रे मशीन और अन्य चिकित्सीय उपकरणों के बेहतर उपयोग, नेत्र जांच शिविरों के आयोजन और स्वास्थ्य सेवाओं के प्रचार-प्रसार पर भी बल दिया.

साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों में एम्बुलेंस सेवा नियमित रूप से संचालित हो और प्रत्येक केंद्र को एम्बुलेंस सुविधा से टैग किया जाए. चिकित्सक क्वार्टरों की मरम्मति कर उन्हें रहने योग्य बनाया जाए. जो चिकित्सक जिले के बाहर निवास करते हैं, उन्हें हाउस रेंट अलाउंस (HRA) की सुविधा न दी जाए तथा उन्हें अस्पताल परिसर या निकट क्षेत्र में निवास करने का निर्देश दिया गया.
अंत में उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन आम नागरिकों को सुगम, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. स्वास्थ्य व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
