सरायकेला: ईचागढ़ विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी एवं संयुक्त ग्राम सभा मंच, झारखंड के केंद्रीय अध्यक्ष अनूप कुमार महतो ने सोमवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर शराब दुकान संचालन को लेकर गंभीर आपत्ति जताई. उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार द्वारा पहले शराब की दुकानें स्वयं संचालित की जा रही थीं, लेकिन अब इन्हें निजी हाथों में सौंप दिया गया है.

अनूप महतो ने स्पष्ट किया कि सरायकेला- खरसावां जिला पांचवीं अनुसूची क्षेत्र में आता है और इसके अंतर्गत ईचागढ़ विधानसभा भी शामिल है. ऐसे क्षेत्रों में किसी भी शराब दुकान को खोलने से पूर्व ग्राम सभा की अनुमति लेना अनिवार्य है. यदि बिना ग्राम सभा की स्वीकृति के शराब दुकान खोली जाती है तो वह पूरी तरह अवैध मानी जाएगी.
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ जगहों पर ग्राम सभा की अनुमति के बगैर ही शराब का स्टॉक किया जा रहा है और दुकान खोलने की योजना बनाई जा रही है. यहां तक कि सरकारी भूमि पर कब्जा कर दुकान निर्माण की कोशिशें भी सामने आई हैं. साथ ही धार्मिक एवं सामाजिक स्थलों के सामने शराब दुकान खोलने की भी योजनाएं बनाई जा रही हैं.
अनूप महतो ने कहा कि यह स्थिति न सिर्फ गैरकानूनी है बल्कि स्थानीय संस्कृति और सामाजिक वातावरण के खिलाफ है. उन्होंने जिला उपायुक्त एवं अंचल अधिकारियों से इस पर संज्ञान लेने की अपील की. साथ ही उन्होंने कहा कि जल्द ही जिला उपायुक्त से मिलकर सभी बिंदुओं पर औपचारिक शिकायत दर्ज कराई जाएगी और अवैध रूप से संचालित किसी भी शराब दुकान का कड़ा विरोध किया जाएगा.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
