आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai स्कूली वाहन सेवा संचालक समिति से जुड़े चालकों और संचालकों को अब दुर्घटना बीमा एवं ईएसआईसी (कर्मचारी राज्य बीमा) योजना का लाभ मिलेगा. यह निर्णय रविवार को आदित्यपुर स्थित जयप्रकाश उद्यान में आयोजित मिलन समारोह सह वनभोज कार्यक्रम के दौरान लिया गया.

समिति के अध्यक्ष संतोष मंडल की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्कूली वाहन संचालक और चालक शामिल हुए. अध्यक्ष संतोष मंडल ने बताया कि सामूहिक दुर्घटना बीमा योजना के तहत किसी भी अनहोनी की स्थिति में सदस्यों के परिजनों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी. वहीं ईएसआईसी योजना के माध्यम से चालकों और संचालकों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा.

कार्यक्रम में बतौर अतिथि मिथिला मोटर्स के एरिया सेल्स मैनेजर सौरभ रंजन उपस्थित रहे. उन्होंने समिति के सदस्यों को नए कमर्शियल वाहनों की खरीद, फाइनेंस सुविधा एवं इससे जुड़ी अन्य जानकारियां दीं.
इस अवसर पर चालकों ने स्कूली वाहनों के संचालन के दौरान आ रही समस्याओं, ट्रैफिक व्यवस्था और पुलिस प्रशासन से जुड़े मुद्दों को भी सामने रखा. समिति स्तर पर इन समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक पहल करने पर सहमति बनी.
कार्यक्रम में जरासंध सिंह, विश्वजीत कटवा, प्रहलाद प्रसाद, सतीश कुमार सिंह, आनंद गोंदर, रंजीत सरकार, दिनेश दीप, आनंद सत्व, पप्पू यादव, चंदन जायसवाल, सागर शर्मा, अखिलेश झा, कमलजीत सिंह सहित अन्य सदस्य मौजूद थे.

