रियाद, सऊदी अरब: रविवार देर रात एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना में मक्का से मदीना जा रहे उमरा यात्रियों की बस एक डीज़ल टैंकर से भीषण रूप से टकरा गई, जिसके बाद लगी आग में 42 भारतीय यात्रियों की मौत हो गई. हादसा रात लगभग 1:30 बजे हुआ.

टक्कर इतनी भयानक थी कि बस कुछ ही मिनटों में आग की लपटों में घिर गई और जलकर खाक हो गई. अधिकांश यात्री बस के अंदर ही फंस गए. मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हादसे में केवल एक यात्री के जीवित बचने की खबर है.
सूत्रों के अनुसार, उमरा के लिए मक्का से मदीना जा रही बस अचानक सामने आए डीज़ल टैंकर से टकरा गई. टक्कर होते ही दोनों वाहनों में आग फैल गई. राहत एवं बचाव दल तुरंत मौके पर पहुँचे और कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.
स्थानीय प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है. वहीं सऊदी अरब में भारतीय दूतावास लगातार स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है. मृतकों की पहचान की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है और पार्थिव शरीर भारत भेजने की तैयारी की जा रही है. विदेश मंत्रालय ने हादसे को दुखद और हृदयविदारक बताया है. भारतीय समुदाय में इस खबर से गहरा शोक और संवेदना व्याप्त है.

