सासाराम: जिले के शिवसागर थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनिया गांव में मकान निर्माण के दौरान हाई वोल्टेज बिजली तार की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान 48 वर्षीय धर्मेंद्र दुबे के रूप में की गई है.

जानकारी के अनुसार धर्मेंद्र दुबे अपने घर की छत पर ईंट जोड़ने का कार्य कर रहे थे. इसी दौरान छत के बगल से गुजर रही हाई वोल्टेज बिजली तार के संपर्क में आ गए, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गए.
घटना के बाद आसपास मौजूद लोग उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया.
मृतक के पिता अवधेश नारायण दुबे ने बताया कि उनके घर के पास से गुजर रही हाई वोल्टेज तार को हटाने के लिए उन्होंने कई बार प्रशासन से अनुरोध किया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. आज उसी लापरवाही के कारण उनके पुत्र की करंट लगने से मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया. आगे की कार्रवाई की जा रही है.

