जामताड़ा: जिले के कर्माटांड़ प्रखंड स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेले के दौरान उस समय हंगामा मच गया, जब सारठ विधायक उदय शंकर सिंह उर्फ चुन्ना सिंह कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे. स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य द्वार पर लगे बैनर- पोस्टर में विधायक का न तो नाम था और न ही फोटो, जिसे देखते ही विधायक आक्रोशित हो गए.

स्वास्थ्य केंद्र पहुंचते ही विधायक का गुस्सा फूट पड़ा. नाराज विधायक मंच पर पहुंचे और गुस्से में बैठने के लिए लगाए गए सोफे पर लात मार दी. यह दृश्य देखकर वहां मौजूद स्वास्थ्य कर्मी सहम उठे.
इसके बाद विधायक ने मौके पर मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों को जमकर फटकार लगाई. वायरल हो रहे वीडियो में विधायक प्रभारी से कहते नजर आ रहे हैं कि “दौड़ाइए, ट्रेनिंग लीजिएगा.”
मामला यहीं शांत नहीं हुआ. पूरे कार्यक्रम के दौरान विधायक लगातार नाराज नजर आए. उन्होंने कर्माटांड़ स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस स्वास्थ्य केंद्र से लगातार लापरवाही की शिकायतें मिलती रही हैं. इसी को लेकर विधायक ने मौके पर मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों से तीखे सवाल- जवाब किए और सिविल सर्जन को भी जमकर फटकार लगाई.
इस दौरान विधायक ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. निलेश कुमार से रजिस्टर में दर्ज हाजिरी को लेकर सवाल किया. प्रभारी द्वारा जवाब दिए जाने पर विधायक और अधिक भड़क गए.
गुस्से में विधायक ने कहा कि “उठाकर फेंक देंगे, पप्पू तालाब में जाकर गिरिएगा.” विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि रजिस्टर में कई डॉक्टरों का नाम तक दर्ज नहीं है.
जानकारी के अनुसार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में लंबे समय से डॉक्टरों की अनुपस्थिति और घोर लापरवाही की शिकायतें मिलती रही हैं. इन्हीं शिकायतों के चलते विधायक पहले से नाराज बताए जा रहे थे. पूरे कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य केंद्र परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना रहा.

