सासाराम/ Arzoo Bakhsh ‘मतदाता अधिकार यात्रा’ के दौरान राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने भाजपा और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने जनता से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर भाजपा को सत्ता से बाहर करें और लोकतंत्र को बचाएं.

लालू यादव ने अपने संबोधन में कहा, “चोरों को हटाएं, भाजपा को भगाएं और हमें जिताएं. किसी भी कीमत पर भाजपा को सत्ता में मत आने दीजिए. राहुल गांधी, तेजस्वी यादव, मल्लिकार्जुन खरगे और आप सभी एक हो जाएं. इन्हें उखाड़कर फेंक दें, लोकतंत्र बचाएं.”

राजद प्रमुख ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र और संविधान को कमजोर करने में लगी है. उन्होंने कहा कि विपक्षी दल और जनता अगर एकजुट होकर खड़े हों, तो भाजपा की चालों को नाकाम किया जा सकता है. उन्होंने युवाओं, किसानों और गरीब तबके से अपील की कि वे अपने अधिकारों और भविष्य की रक्षा के लिए इस आंदोलन का हिस्सा बनें. लालू यादव ने यह भी कहा कि भाजपा केवल सत्ता में बने रहने के लिए जनता को गुमराह करती है और समाज को बांटने की राजनीति करती है. उन्होंने जनता से वादा किया कि विपक्षी गठबंधन ही देश को सही दिशा में ले जाएगा और लोकतंत्र को मजबूत करेगा.

