सरायकेला: सरकार जहां आजादी का अमृत महोत्सव मना रही है, वहीं सरायकेला- खरसावां जिले के खरसावां प्रखंड के बड़गांव स्थित पड़ियाबादी टोला के ग्रामीण आज भी बुनियादी सुविधाओं से जूझ रहे हैं. गांव की सबसे बड़ी समस्या सड़क की है, जो कई वर्षों से अधूरी पड़ी हुई थी. यह सड़क पड़ियाबादी टोला को गुराडीह होते हुए मुख्य सड़क से जोड़ती है, जिसकी लंबाई करीब ढाई किलोमीटर है.

ग्रामीणों के अनुसार, लगभग डेढ़ किलोमीटर तक सड़क का निर्माण वर्षों पहले हुआ था, लेकिन पत्थर उखड़ जाने से अब उसकी स्थिति काफी खराब हो चुकी है. वहीं शेष एक किलोमीटर सड़क विवादित भूमि से गुजरती है, जिस कारण निर्माण कार्य रुक गया था. बरसात के दिनों में यह रास्ता कीचड़ में तब्दील हो जाता है, जिससे ग्रामीणों को आने-जाने में भारी परेशानी होती है.

कई बार मुख्यमंत्री, विधायक, सांसद और जिला प्रशासन से गुहार लगाने के बावजूद जब समाधान नहीं मिला, तो रविवार को ग्रामीणों ने स्वयं ही श्रमदान कर अधूरी सड़क बनाने का निर्णय लिया. ग्रामीणों ने विवादित हिस्से को छोड़कर सड़क का मार्ग बदल दिया और नए रास्ते का निर्माण कार्य शुरू किया.

गुराडीह के ग्रामप्रधान अश्वनी सिंहदेव ने नारियल फोड़कर सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया. उन्होंने कहा कि वह इस सड़क के निर्माण में हरसंभव सहयोग देंगे और जरूरत पड़ने पर अपनी निजी जमीन भी दान करेंगे. ग्रामीणों ने उनके सहयोग के प्रति आभार जताया.
ग्रामीण ललित कुमार प्रधान और नंदी प्रधान ने बताया कि 60 परिवारों वाले इस टोला की आबादी लगभग 300 है, जिनमें से 50 परिवार सड़क के अभाव में पलायन कर चुके हैं. केवल 10 परिवार, जिनमें ज्यादातर बुजुर्ग हैं, गांव में रह गए हैं.
सड़क निर्माण के श्रमदान में अश्वनी सिंहदेव, ललित कुमार प्रधान, नंदी प्रधान, लबिंद्र प्रधान, सपन प्रधान, पवन प्रधान, भीम प्रधान, शिव प्रधान, सुभाष प्रधान समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए. ग्रामीणों की यह पहल स्वावलंबन और सामूहिक एकता का अद्भुत उदाहरण बन गई है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
