कांड्रा: राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह- 2026 के अंतर्गत रविवार को गिद्दीबेड़ा टोल प्लाजा, कांड्रा- चौका मार्ग पर ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया. यह अभियान सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया.

अभियान के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो, मोटरयान निरीक्षक एवं रोड सेफ्टी टीम की उपस्थिति में सघन वाहन जांच की गई. ब्रेथ एनालाइज़र के माध्यम से वाहन चालकों की अल्कोहल जांच की गई, जबकि नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की गई.
जांच के क्रम में वाहन चालकों को नशे की अवस्था में वाहन न चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने के लिए जागरूक किया गया. साथ ही सभी से यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने की अपील की गई.
जिला परिवहन पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को लेकर इस प्रकार के प्रवर्तन एवं जागरूकता अभियान आगे भी नियमित रूप से संचालित किए जाएंगे. उन्होंने कहा कि इन अभियानों का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और आम नागरिकों की जान- माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना है.

