चांडिल: अनुमंडल के ईचागढ़ प्रखंड अंतर्गत गौरांगकोचा एवं पातकुम गांव में गुरुवार को दो नए उपस्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण का शिलान्यास जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा एवं उपाध्यक्ष मधुश्री महतो द्वारा संयुक्त रूप से किया गया.

शिलान्यास कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य, प्रखंड प्रमुख, संबंधित पंचायतों के मुखिया, स्थानीय चिकित्सा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.

कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना प्राथमिकता है. जिला परिषद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष ने जानकारी दी कि जिले में कुल 44 उपस्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण के लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि शेष कार्यवाही प्रगति पर है. उन्होंने कहा कि इन केंद्रों के निर्माण से ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सेवाएं सुदृढ़ होंगी और आम जनता को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी.
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि निर्माण कार्य में सहयोग करें, ताकि निर्धारित समय पर भवन निर्माण पूर्ण हो सके और क्षेत्र के लोगों को इसका लाभ मिल सके.

