सरायकेला/ Pramod Singh थाना क्षेत्र के शासन गांव में एक 20 वर्षीय युवक का शव महुआ के पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. युवक ने गमछा के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान अनिल सिंह मुंडा के रूप में हुई है.

परिजनों के अनुसार युवक शनिवार देर रात करीब 10 बजे घर लौटा था. खाना खाने के बाद परिवार के सभी सदस्य सो गए. रात में किस समय यह घटना घटी, इसकी किसी को जानकारी नहीं हो सकी. सुबह जब परिजनों की नजर पेड़ से लटके शव पर पड़ी तो घर और आसपास के लोगों में अफरा- तफरी मच गई. बताया जाता है कि मृतक अपने दो भाइयों के साथ शासन गांव में किराए के मकान में रह रहा था. घटना के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है. परिजन भी घटना को लेकर स्तब्ध हैं और किसी तरह की आशंका जाहिर करने की स्थिति में नहीं हैं. सूचना मिलते ही सरायकेला थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की. शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया गया है.
पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी.

