सरायकेला/ Pramod Singh सरायकेला थाना क्षेत्र के सीनी ओपी अंतर्गत कमलपुर गांव से बीस वर्षीय युवक के अपहरण का मामला सामने आया है. अपहृत युवक की पहचान हसन के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार तीन दिन पूर्व हसन अपने 6-7 दोस्तों के साथ पार्टी कर रहा था, इसी दौरान आपसी कहासुनी के बाद उसके दोस्तों ने ही उसका अपहरण कर लिया.

सूत्रों की मानें तो युवक का अपहरण कर उसे गांव से काफी दूर किसी अज्ञात स्थान पर रखा गया था. परिजनों द्वारा मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में टीम गठित कर जांच शुरू की गई.
पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. सूत्रों के अनुसार पुलिस ने अपहृत युवक को बरामद कर लिया है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा. फिलहाल पुलिस अधिकारी इस मामले में बयान देने से बच रहे हैं, लेकिन परिजनों ने युवक की सुरक्षित बरामदगी पर राहत की सांस ली है.

