सरायकेला: जमशेदपुर स्थित प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान एक्सएलआरआई (XLRI) के छात्र- छात्राओं ने शनिवार को सरायकेला- खरसावां जिले के मुरुप गांव का शैक्षणिक भ्रमण किया. इस दौरान उन्होंने ग्रामीण जीवनशैली, सामाजिक- सांस्कृतिक व्यवहार और जनजीवन की वास्तविकताओं को नजदीक से समझने का प्रयास किया.

भ्रमण के दौरान छात्रों ने गांव के लोगों से बातचीत की, उनकी समस्याएं जानी और जीवन के संघर्षों को प्रत्यक्ष रूप से महसूस किया. छात्रों ने ग्रामीणों के सहयोग, व्यवहार और सादगी की सराहना की. अर्जुन पुस्तकालय मुरुप के अध्यक्ष हेमसागर प्रधान ने अपने साथियों के साथ छात्रों का स्वागत किया और उन्हें पुस्तकालय, आंगनबाड़ी केंद्र, विद्यालय सहित पूरे गांव का भ्रमण कराया. उन्होंने बताया कि यह भ्रमण छात्रों के लिए एक मूल्यवान अनुभव रहा. छात्रों ने देखा कि ग्रामीण किस प्रकार अपनी आजीविका चलाते हैं, उनकी आर्थिक स्थिति कैसी है और वे किन चुनौतियों का सामना करते हैं. इस अनुभव से छात्रों को सामुदायिक विकास और सामाजिक जिम्मेदारी की भी गहरी समझ मिली. इस मौके पर हेमसागर प्रधान, सरस्वती महतो, शिबू प्रमाणिक, विकास प्रमाणिक, संतोष महतो और मृत्युंजय प्रमाणिक सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे.

