सरायकेला: पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सोमवार को गम्हरिया स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय नेंगटासाई में महिला अपराध सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया. अभियान का नेतृत्व ट्रेनी डीएसपी पूजा कुमारी ने किया, जबकि महिला थाना प्रभारी कुमारी तिलोत्मा भी मौके पर उपस्थित रहीं.

इस दौरान छात्र- छात्राओं, महिलाओं और स्थानीय लोगों को महिला अपराध से संबंधित कानूनों और सुरक्षा उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई.
अधिकारियों ने पॉक्सो एक्ट, महिला सुरक्षा, अफीम और गांजा की अवैध खेती की रोकथाम, नशा मुक्ति, डायल-112 सेवा, साइबर फ्रॉड टोल फ्री नंबर 1930 तथा बाल विवाह रोकथाम से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं. साथ ही प्रतिभागियों को महिलाओं के लिए बनाए गए कानूनी प्रावधानों और उनके अधिकारों के बारे में भी जागरूक किया गया.
अभियान के दौरान एसआई नंदिता बिरुआ, आरक्षी कृपा भेंगरा और आरक्षी अंजली मुर्मू सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे. पुलिस के अनुसार ऐसे अभियान आगे भी विभिन्न विद्यालयों और पंचायत क्षेत्रों में आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को जागरूक किया जा सके.

