सरायकेला: नगर पंचायत क्षेत्र में पेयजल संकट को लेकर पिछले 6 महीनों से लोग परेशान हैं. शहरी क्षेत्र के लोग पानी की एक-एक बूंद के लिए तरस रहे हैं. कई बार सरकारी स्तर पर निर्देश तो पारित हुए लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है. हालात यह है कि आधी आबादी रोजमर्रा के पीने के पानी के लिए जूझ रही है.

नगर पंचायत कार्यालय की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं. लोगों का कहना है कि आम जनता के प्रति अमानवीय व्यवहार किया जा रहा है. इसी के विरोध में कल मंगलवार को सुबह 11:00 बजे से सरायकेला की आम जनता के साथ विधायक प्रतिनिधि सरायकेला विधानसभा सनंद कुमार आचार्य के नेतृत्व में नगर पंचायत कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू किया जाएगा. सनंद आचार्य ने बताया कि इस आशय से संबंधित दस्तावेज और अनुमति लेने के लिए आज सुबह 11:30 बजे सभी पीड़ित लोग अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय पहुंचेंगे. आम जनता की मांग है कि अविलंब इस पेयजल संकट का स्थायी समाधान किया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके.

