सरायकेला: नगर पंचायत के वार्ड संख्या 3 में चुनावी मुकाबला बेहद रोचक रहा. पारिवारिक राजनीतिक विरासत के बीच हुए इस मुकाबले में ज्योति साहू ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंदी रूपा देवी को 219 मतों के अंतर से पराजित कर जीत दर्ज की.

ज्योति साहू को कुल 450 मत प्राप्त हुए, जबकि रूपा देवी को 231 मत ही मिले. मतगणना के बाद ज्योति साहू को विजयी घोषित किया गया. परिणाम आते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई और वार्ड में जश्न का माहौल बन गया.
गौरतलब है कि वर्ष 2018 में वार्ड चुनाव में ज्योति साहू के ससुर बलराम साहू निर्विरोध निर्वाचित हुए थे. इस बार बलराम साहू ने अपनी बहू ज्योति साहू को मैदान में उतारकर परिवार की राजनीतिक पकड़ को फिर से मजबूत किया.
मतदाताओं ने साहू परिवार पर भरोसा जताते हुए ज्योति साहू को स्पष्ट बहुमत दिलाया. इस जीत के साथ वार्ड 3 में एक बार फिर साहू परिवार का प्रभाव कायम हो गया है. राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि यह न केवल पारिवारिक रणनीति की सफलता है, बल्कि जनता द्वारा लगातार जताए गए विश्वास का भी संकेत है.

