सरायकेला/ Pramod Singh नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने रविवार को भव्य विजय जुलूस निकालकर अपनी जीत को जनआशीर्वाद का रूप दे दिया. नगर पंचायत क्षेत्र के सभी 11 वार्डों में निकले इस जुलूस के दौरान समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला. आतिशबाजी, ढोल- नगाड़ों और नारों की गूंज से पूरा शहर झूम उठा.

जुलूस में हजारों की संख्या में समर्थक और कार्यकर्ता शामिल हुए. “मनोज चौधरी जिंदाबाद” और “जनता की जीत जिंदाबाद” के नारों से माहौल पूरी तरह उत्सव में बदल गया. जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर नवनिर्वाचित अध्यक्ष का स्वागत किया.
इस अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला अध्यक्ष डॉ. सुवेंदु महतो, गणेश महाली, भोला मोहंती, उमेश भोल, शंभू आचार्य सहित कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे. सभी ने मनोज चौधरी को जीत की बधाई देते हुए इसे जनता की ऐतिहासिक जीत बताया.
विजय जुलूस के दौरान मनोज कुमार चौधरी ने भावुक अंदाज में कहा, “यह विजय जुलूस नहीं, जनता का आशीर्वाद लेने का कार्यक्रम है. यह मेरी व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि सरायकेला नगर पंचायत की जनता की जीत है. हम जनता की गद्दी पर बैठेंगे और जनता से राय-मशविरा लेकर ही विकास कार्यों को आगे बढ़ाएंगे.” उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर पंचायत क्षेत्र के विकास के लिए हर वार्ड से सुझाव लिए जाएंगे और जनसहभागिता के आधार पर विकास की रूपरेखा तैयार की जाएगी.
इस भव्य शक्ति प्रदर्शन ने यह संकेत दे दिया है कि मनोज चौधरी को व्यापक जनसमर्थन प्राप्त है. नगर पंचायत की राजनीति में अब एक नए अध्याय की शुरुआत मानी जा रही है.

