सरायकेला: झारखंड हाई कोर्ट के निर्देश के अलोक में रविवार को ट्रैफिक पुलिस द्वारा व्यवसायिक वाहनों में तिरपाल ढंककर सामान ढुलाई करने एवं निजी वाहनों में काली फ़िल्म और पार्टी का झंडा लगाकर चलने वाले वाहनों को लेकर राज्यव्यापी अभियान चलाया गया.

इसी अभियान के तहत सरायकेला खरसावां जिला ट्रैफिक पुलिस द्वारा भी विशेष अभियान चलाते हुए कुल 16 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया. ये सभी जुर्माना बगैर तिरपाल ढंके माल ढुलाई करते मालवाहक ट्रक एवं लॉरियों से वसूला गया. ट्रैफिक प्रभारी अजय कुमार तिवारी ने बताया कि इस तरह का अभियान लगातार जारी रहेगा. उन्होंने बताया कि जिले के सभी ट्रांसपोर्टरों को सख्त निर्देश दिया गया है कि वह अपने वाहनों में माल ढुलाई करते वक्त तिरपाल का अवश्य प्रयोग करें. वहीं उन्होंने वैसे निजी वाहन चालक जो अपनी गाड़ियों में काली फिल्म और किसी भी राजनीतिक दल का झंडा- बैनर लगाकर चलते हैं उनसे अविलंब हटा लेने की अपील की है. साथ ही कहा है कि यदि पकड़े जाते हैं तो उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी.

