सरायकेला: नगरपालिका आम निर्वाचन- 2026 के तहत सरायकेला जिले के तीनों शहरी निकायों – आदित्यपुर नगर निगम, सरायकेला नगर पंचायत और कपाली नगर परिषद में मतदान की प्रक्रिया जारी है. सुबह से ही मतदाताओं में उत्साह देखा जा रहा है.

दिन के 11:00 बजे तक जिले में औसत मतदान प्रतिशत 22.13 प्रतिशत दर्ज किया गया है.
जिला सूचना भवन स्थित मीडिया कोषांग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो रहा है. हालांकि आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड संख्या 17, 18 और 23 में कुछ स्थानों पर हल्की झड़प की सूचना मिली है. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर तत्काल हस्तक्षेप किया और सख्ती बरतते हुए हालात को नियंत्रण में कर लिया. फिलहाल सभी बूथों पर मतदान सामान्य रूप से जारी है.
प्राप्त आंकड़ों के अनुसार आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में 21.80 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है. वहीं सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र में सबसे अधिक 31.30 प्रतिशत मतदान हुआ है. कपाली नगर परिषद क्षेत्र में 22.13 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है. प्रशासन का कहना है कि मतदान निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से जारी है. मतदाताओं से अपील की गई है कि वे निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें.

