सरायकेला/ Pramod Singh नगर पंचायत क्षेत्र में सोमवार को आयोजित नगर निकाय चुनाव को लेकर सुबह से ही मतदाताओं में भारी उत्साह देखा गया. निर्धारित समय सुबह 7 बजे मॉक पोलिंग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी मतदान केंद्रों पर विधिवत मतदान प्रारंभ हुआ.

मतदान शुरू होते ही विभिन्न वार्डों के बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लग गईं. युवा, बुजुर्ग और महिलाएं बड़ी संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचीं. लोकतंत्र के इस महापर्व में सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है.
नगर पंचायत क्षेत्र के 11 वार्डों में कुल 13 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. सभी केंद्रों पर प्रशासन की ओर से सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है. सुबह से ही कई मतदाता अपने निर्धारित समय से पहले बूथों पर पहुंच गए ताकि बिना किसी विलंब के मतदान कर सकें.
मतदाता आंकड़े इस प्रकार हैं
कुल वार्ड – 11.
कुल मतदान केंद्र – 13.
कुल मतदाता – 10,762.
पुरुष मतदाता – 5,410.
महिला मतदाता – 5,352.
मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. 11 वार्डों में पुलिस उपाधीक्षक प्रदीप उरांव, सर्किल इंस्पेक्टर नितिन कुमार सिंह तथा सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार लगातार विभिन्न बूथों का निरीक्षण कर रहे हैं. वरीय अधिकारियों की सक्रिय उपस्थिति से मतदान कर्मियों और मतदाताओं में भरोसा कायम है. पुलिस उपाधीक्षक प्रदीप उरांव ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संचालित हो रहा है. अब तक किसी भी अप्रिय घटना या शिकायत की सूचना प्राप्त नहीं हुई है. उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे निर्भीक और शांतिपूर्ण वातावरण में अपने मताधिकार का प्रयोग करें तथा प्रशासन का सहयोग करें. प्रशासन की सतर्कता और मतदाताओं की जागरूकता के कारण नगर पंचायत क्षेत्र में लोकतंत्र का यह उत्सव उत्साह, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ मनाया जा रहा है. शहर की सरकार चुनने के लिए मतदाताओं का जोश यह दर्शाता है कि स्थानीय विकास और नेतृत्व को लेकर जनता सजग और गंभीर है.
अब सभी की निगाहें मतदान प्रतिशत और आगामी मतगणना पर टिकी हैं. मतगणना के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि नगर पंचायत की बागडोर किसके हाथों में जाएगी.

