सरायकेला/ Pramod Singh नगर निकाय चुनाव के नामांकन के अंतिम दिन सरायकेला और आदित्यपुर में राजनीतिक सरगर्मी चरम पर रही. सुबह से ही निर्वाचन कार्यालय परिसर में समर्थकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी. नारेबाजी, शक्ति प्रदर्शन और गहमागहमी के बीच प्रत्याशियों ने अपना नामांकन दाखिल किया.

सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए अंतिम दिन चार प्रत्याशियों ने पर्चा भरा. भाजपा समर्थित सुमित चौधरी के साथ निर्दलीय उम्मीदवार जलेश कवि, सनातन मुंडा और सनत आचार्य ने नामांकन किया. चारों प्रत्याशियों ने जीत का दावा करते हुए जनता के बीच विकास और पारदर्शिता का वादा किया.
वहीं आदित्यपुर नगर निगम मेयर पद के लिए अंतिम दिन आठ उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया. भाजपा समर्थित प्रभाषिनी कालूंडिया के अलावा सकला मार्डी, विनोती हांसदा, रमेश बालमुचू, बारी सोरेन, सावित्री लियांगी, सनातन हांसदा और संजय सरदार ने पर्चा भरा. मेयर पद को लेकर इस बार मुकाबला बहुकोणीय होता दिख रहा है.
सरायकेला नगर पंचायत में वार्ड पार्षद पद के लिए 29 जनवरी से 4 फरवरी 2026 तक विभिन्न वार्डों से कुल 16 प्रत्याशियों ने अंतिम दिन नामांकन किया. कई वार्डों में दो से अधिक उम्मीदवारों के मैदान में उतरने से मुकाबला रोचक हो गया है.
आदित्यपुर नगर निगम में वार्ड संख्या 1 से 9 तथा 19 से 35 तक कुल 44 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया. वार्ड 4, 8, 9 और 21 में सबसे अधिक उम्मीदवारों ने पर्चा भरा है, जिससे इन क्षेत्रों में सीधी टक्कर के संकेत मिल रहे हैं.
नामांकन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद अब 5 फरवरी को स्क्रुटनी और 6 फरवरी को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होगी. इसके बाद चुनावी तस्वीर और साफ होगी. फिलहाल दोनों निकाय क्षेत्रों में चुनावी माहौल पूरी तरह गरमा गया है और समर्थकों के बीच जीत-हार के कयास तेज हो गए हैं.

